
सचिव की मनमानी से परेशान सरपंच और ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
निर्माण सामग्री खरीद में दबाव और मनमानी का आरोप, ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
शक्ति। जिले के ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द में पंचायत सचिव की कार्यशैली से नाराज सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर शांतिपूर्ण चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और सचिव पर मनमानी करने का आरोप लगाया गया।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द के सचिव नितेश गबेल द्वारा पंचायत के कार्यों में मनमर्जी से निर्णय लिए जा रहे थे। साथ ही निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री अपने रिश्तेदारों के यहां से खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके अलावा पंचायत के अन्य कार्यों में भी लगातार मनमानी किए जाने से जनप्रतिनिधि और ग्रामीण नाराज थे।
इसी मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द की सरपंच रामेश्वरी बाई गोंड एवं उपसरपंच सैयद अब्दुल हुसैन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन से पहले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शक्ति को ज्ञापन सौंपकर मामले से अवगत भी कराया गया था।
धरना और चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन को स्थगित कराया गया।
धरना प्रदर्शन के दौरान गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से सचिव के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।




