अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह का कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति बरामद

अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह का कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति बरामद

दुर्ग पुलिस ने अन्तर्राज्यीय चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकबजन नासिर हुसैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की नगदी, डायमंड एवं प्लेटिनम ज्वेलरी, सोना-चांदी के आभूषण, नई कार सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार मई माह के प्रथम सप्ताह में नेहरू नगर, भिलाई, सुपेला एवं पदमनाभपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अन्तर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए पहले मेरठ निवासी आरोपी हाशिम खान को गिरफ्तार किया था। साथ ही चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान एवं बिलासपुर निवासी शाहिल को भी गिरफ्तार कर चोरी का सोना बरामद किया गया था।

मुख्य फरार आरोपी नासिर हुसैन दिल्ली के शाहीन बाग, मदनपुर खादर एवं नोएडा क्षेत्र में लगातार ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से काम करते हुए स्थानीय बकरा विक्रेता एवं जनगणना अधिकारी के रूप में क्षेत्र में रहकर उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 300 किलोमीटर तक पीछा कर तेज रफ्तार से भाग रहे आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने मध्यप्रदेश, चंडीगढ़ एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में करोड़ों रुपये की चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपी की निशानदेही पर डायमंड ब्रेसलेट, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम, नए कपड़े एवं किया सेल्टोस कार सहित लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

जप्त सामग्री में 1 लाख 22 हजार रुपये नगद, 7 लाख रुपये का डायमंड ब्रेसलेट, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, तीन लाख रुपये के नए कपड़े तथा करीब 8 लाख रुपये कीमत की किया सेल्टोस कार शामिल है।

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी यदुमणि सिदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मानवीय सूचना संकलन एवं जोखिमपूर्ण पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button