




चांपा थाना के पास निर्माणाधीन मकान में हादसा, करंट की चपेट में आए दो मजदूर
चांपा। थाना चांपा से महज करीब 100 कदम की दूरी पर मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क किनारे स्थित निर्माणाधीन मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे दो मजदूर कथित तौर पर सड़क किनारे से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गए। करंट लगने से दोनों झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट की चपेट में आने के बाद पुरुष मजदूर सड़क पर गिर गया, जबकि महिला को बिजली के झटके से निर्माणाधीन मकान के अंदर की ओर फेंके जाने की बात सामने आई है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को मौके से निकालकर उपचार के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया। दोनों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि घटना चांपा थाना से बेहद कम दूरी पर हुई, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस को घटना की जानकारी होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी। मामले में पुलिस और बिजली विभाग की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।




