

गेमन पुल की रेलिंग किनारे अकेली बैठी मिली गुमशुदा महिला, चांपा पुलिस ने परिजनों को सौंपा
दो पत्रकारों की सतर्कता से पुलिस तक पहुंची सूचना, नैला थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के गेमन पुल पर बुधवार दोपहर उस वक्त लोगों की नजर एक महिला पर पड़ी, जो पुल की रेलिंग के किनारे अकेली बैठी हुई थी। महिला की स्थिति को देखते हुए वहां से गुजर रहे दो पत्रकारों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल चांपा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और थाने ले जाकर उसकी पहचान व परिजनों के संबंध में पतासाजी शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सरखो निवासी पुनी बाई सूर्यवंशी के लापता होने की सूचना पहले से ही नैला थाने में दर्ज थी। गेमन पुल पर महिला के अकेले बैठे होने और उनकी स्थिति को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही थी कि कहीं वह पानी में छलांग लगाने जैसा कोई कदम तो नहीं उठाने वाली थीं। हालांकि, महिला की मंशा को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर महिला को अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद थाने में उनसे पूछताछ की गई और उनकी पहचान ग्राम सरखो निवासी पुनी बाई सूर्यवंशी के रूप में हुई। पुलिस ने नैला थाना से संपर्क किया, जहां महिला की गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने परिजनों को बुलाकर महिला को सौंपा
पहचान सुनिश्चित होने के बाद चांपा थाना पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने पुनी बाई सूर्यवंशी को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम में दो पत्रकारों की सजगता और चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई अहम रही। समय रहते सूचना मिलने और पुलिस के तत्काल मौके पर पहुंचने से महिला को सुरक्षित संरक्षण मिल सका। घटना यह भी संदेश देती है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को संकटपूर्ण परिस्थिति में देखने पर अनदेखी करने के बजाय समय रहते पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है।
उक्त कार्यवाही ने चांपा थाना प्रभारी कमलेश शेंडे,सब इंस्पेक्टर बलवंत धृतलहरे,मुद्रिका दुबे,निरमा टोप्पो सहित स्टाफ की भूमि सक्रिय के साथ रही ।




