राष्ट्रीय सेविका समिति ने चांपा में मनाया विजयादशमी उत्सव, 50 मातृशक्तियों ने लिया हिस्सा







राष्ट्रीय सेविका समिति ने चांपा में मनाया विजयादशमी उत्सव, 50 मातृशक्तियों ने लिया हिस्सा
90 वर्षों की साधना और परंपरा के संदेश के साथ हुआ आयोजन, अधिवक्ता ममता शर्मा रहीं मुख्य अतिथि, प्रांत सह सेवा प्रमुख मंजू अजय दुबे ने किया मार्गदर्शन
चांपा। राष्ट्रीय सेविका समिति, जिला जांजगीर द्वारा विजयादशमी उत्सव का आयोजन बुधवार, 22 अक्टूबर को चांपा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 मातृशक्तियों ने सहभागिता की। समिति के 90 वर्ष की निरंतर साधना और भारतीय संस्कृति, संगठन तथा नारी सशक्तीकरण के संदेश को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में विजयादशमी पर्व के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में महिला अधिवक्ता ममता शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत सह सेवा प्रमुख मंजू अजय दुबे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कार्यवाह द्वारा अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

विजयादशमी उत्सव के अवसर पर शस्त्र पूजन के माध्यम से कर्तव्य, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया। आयोजन में मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को संगठित कर उनमें सामाजिक दायित्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
समिति की ओर से विजयादशमी को धर्म, शौर्य और नव निर्माण का प्रतीक बताते हुए भारतीय परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक सहभागिता के साथ उत्सव को सफल बनाया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मीरी एवं जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर हिस्सा निभाते हुए देश के प्रति अपना दायित्व निभाने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजूषा पाटले एवं आभार सक्ती जिले की कार्यवाहिका वैष्णवी दीदी ने किया।
राष्ट्रीय सेविका समिति की नगर कार्यवाहिका अमृता पांडे और जिला कार्यवाहिका लता निर्मलकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को जांजगीर-चांपा जिले में समिति की गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




