


बजरंग दल का कथित धर्मांतरण पर प्रहार, भोजपुर में प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा
चांपा। नगर में कथित धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। संगठन का दावा है कि नगर में वर्षों से कथित धर्मांतरण का खेल संचालित हो रहा है, जिस पर अब लगाम कसने की कोशिश की जा रही है।
संगठन प्रमुख संजीव विश्वकर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कथित धर्मांतरण गतिविधियों और हिंदू निवासों में आयोजित प्रार्थना सभाओं का विरोध कर रहे हैं। इस सक्रियता को लेकर नगर में चर्चा का माहौल है और हिंदू समाज के कुछ वर्गों द्वारा इसकी सराहना भी की जा रही है।
भोजपुर में पहुंचा मामला
ताजा मामला भोजपुर क्षेत्र से सामने आया, जहां एक हिंदू परिवार के घर में कथित रूप से धर्मांतरण से जुड़ी प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही वहां हंगामे की स्थिति बन गई और कार्यक्रम को तत्काल रोक दिया गया।
सूचना मिलने पर चांपा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थना सभा आयोजित करने वाले पक्ष से दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। आयोजकों का कहना है कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से नियमित रूप से प्रार्थना सभा आयोजित करते आ रहे हैं और संबंधित स्थान को चर्च के रूप में जाना जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पक्ष को थाना आकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
आंदोलन की चेतावनी
इस संबंध में बजरंग दल प्रमुख संजीव विश्वकर्मा ने कहा है कि यदि प्रार्थना सभा अवैधानिक रूप से संचालित पाई जाती है तो संगठन द्वारा विधिवत कार्रवाई हेतु आवेदन दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
वहीं संगठन के आशीष बरेठ ने भी कहा कि “धर्मांतरण किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हिंदू समाज की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा विरोध जारी रहेगा।”
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल की जा रही है।




