भाजपा पार्षद ने अपने लेटर हेड में की शिकायत, उपद्रवियों पर कार्रवाई की मांग — पुलिस बोली नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई






भाजपा पार्षद ने अपने लेटर हेड में की शिकायत, उपद्रवियों पर कार्रवाई की मांग — पुलिस बोली नशे के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई
चांपा। नगर में बढ़ते नशा और उपद्रव के मामलों को लेकर वार्ड नंबर 14 के भाजपा पार्षद रामरतन साहू ने थाना चांपा में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पार्षद ने अपने लेटर पैड के माध्यम से आवेदन सौंपते हुए वार्ड नंबर 13 घोघरानाला एवं वार्ड नंबर 14 चरण नगर क्षेत्र में सक्रिय उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि वार्ड नंबर 13 एवं 14 में अधिकांश मजदूर एवं निर्धन वर्ग के लोग निवास करते हैं, जिसका फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व मोहल्ले के युवकों एवं नाबालिगों को महुआ शराब, गांजा, नशीले इंजेक्शन सहित अन्य नशीले पदार्थ उपलब्ध करा रहे हैं। इसके कारण क्षेत्र के युवा नशे की लत में पड़ते जा रहे हैं और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।
पार्षद ने यह भी आरोप लगाया है कि नशा रोकने के लिए गठित महिला कमांडो समूह के साथ भी उपद्रवी लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया तथा गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आवेदन में यह भी लिखा गया है कि इस घटना का वीडियो भी मौजूद है और कुछ लोगों ने नशे की हालत में यह हरकत की है।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से चोरी, मारपीट, लूटपाट जैसी घटनाएं होती रही हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ उपद्रवी लोगों के प्रभाव के कारण वे बच निकलते हैं और फिर से आपराधिक गतिविधियों में लग जाते हैं।
इधर, महिला कमांडो समूह की महिलाओं ने भी थाना चांपा पहुंचकर कुछ लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। महिलाओं का आरोप है कि नशाबंदी अभियान के दौरान क्षेत्र में घूमने पर उन्हें धमकाया जाता है और कहा जाता है कि उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता तथा नशे का कारोबार चलता रहेगा।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि पार्षद के आवेदन के साथ महिला कमांडो की शिकायत भी मिली है। जिन लोगों के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है, उनके खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को भी नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि नगर के सभी इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




