
जांजगीर-चांपा में 6 अप्रैल को भाजपा मनाएगी स्थापना दिवस, पखवाड़े भर चलेंगे कार्यक्रम
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 6 अप्रैल 2026 को जिलेभर में स्थापना दिवस धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आमजन से जुड़ाव को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
जिले के सभी मंडलों, बूथों और शक्ति केंद्रों पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। प्रातःकाल पार्टी कार्यालयों एवं प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ होगी। वरिष्ठ नेताओं द्वारा संगठन की विचारधारा एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा।
जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है। कार्यकर्ताओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्थापना दिवस के साथ-साथ जिले में पखवाड़े भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 10 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “गांव चलो-बस्ती चलो” अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आमजन को देंगे। साथ ही योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया जाएगा।
वहीं 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
भाजपा द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।




