





कलेक्ट्रेट घेराव से पहले जांजगीर में कांग्रेसियों का जमावड़ा, प्रशासन ने कसे सुरक्षा इंतजाम
जांजगीर-चांपा। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आज मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट घेराव के लिए एकजुट हुए। कलेक्ट्रेट चौक के पास स्थित पुराने पेट्रोल पंप परिसर में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होकर प्रदर्शन की तैयारी करते नजर आए।
आंदोलन का नेतृत्व चरणदास महंत (छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक) कर रहे हैं। उनके साथ जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता तथा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यह घेराव राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। मुख्य रूप से मनरेगा योजना के नाम और नीतियों में कथित बदलाव तथा किसानों को धान बेचने में आ रही परेशानियों के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को टोकन और उपार्जन व्यवस्था में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
इधर संभावित भीड़ और प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्य प्रवेश द्वार को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बंद कर दिया गया है और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की इस तैयारी को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर भी जारी है।
प्रदर्शन स्थल पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जोश और नारों के साथ विरोध जताते नजर आए। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।




