भाजपा की कथनी-करनी में अंतर, बजट झूठ का पुलिंदा – नागेंद्र गुप्ता

भाजपा की कथनी-करनी में अंतर, बजट झूठ का पुलिंदा – नागेंद्र गुप्ता

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जांजगीर-चांपा जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने बजट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में साफ अंतर दिखाई देता है।

नागेंद्र गुप्ता ने बजट को “झूठों का पुलिंदा” बताते हुए कहा कि इसमें वास्तविक तथ्यों को छुपाकर बड़े-बड़े दावों का झूठा पहाड़ खड़ा किया गया है, ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी दर, किसानों की समस्याओं और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों की सच्चाई को बजट में पूरी तरह से सामने नहीं रखा।

उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय जो वादे करती है, बजट में उनके अनुरूप ठोस प्रावधान दिखाई नहीं देते। युवाओं को रोजगार, किसानों को लाभकारी समर्थन मूल्य, महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और गरीबों को राहत देने की बात कही जाती है, लेकिन बजट में इन वर्गों के लिए स्पष्ट और प्रभावी योजना का अभाव है।

नागेंद्र गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केवल कागजी योजनाओं और घोषणाओं के सहारे अपनी छवि चमकाने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर आम जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि बजट में विकास के नाम पर आंकड़ों का खेल खेला गया है और वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश की गई है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और इससे आम लोगों को कोई ठोस राहत मिलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर बजट की “सच्चाई” उजागर करेगी और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी।

बजट को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गर्म है और सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button