गोंडवाना पार्टी नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, सवरियां आदिवासी परिवार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा
दो सूत्रीय मांगों को लेकर सक्ती में शुरू हुआ प्रदर्शन, एफआईआर और शिकायत वापसी की मांग




गोंडवाना पार्टी नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, सवरियां आदिवासी परिवार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा
दो सूत्रीय मांगों को लेकर सक्ती में शुरू हुआ प्रदर्शन, एफआईआर और शिकायत वापसी की मांग
सक्ती। सक्ती जिले में एक सवरियां आदिवासी परिवार ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक नेता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। परिवार दो सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठा है और मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
धरने पर बैठे परिवार का आरोप है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से जुड़े भानू चौहान द्वारा उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है, जिसे वापस लिया जाए। दूसरी मांग में परिवार ने आरोप लगाया है कि पार्टी की आड़ में ब्लैकमेलिंग करने वाले भानू चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
धरना दे रहे सवरियां आदिवासी परिवार का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से धमकी और मानसिक प्रताड़ना झेल रहे हैं। उनका आरोप है कि भानू चौहान ने उनसे करीब 5 लाख रुपये की मांग की थी और रकम नहीं देने पर उनकी जमीन पर कब्जा कराने की धमकी दी।
परिवार का यह भी कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने थाना में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण मजबूर होकर पूरा परिवार — जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं — धरने पर बैठ गया है।
आदिवासी परिवार का आरोप है कि पिछले ढाई महीने से गोंडवाना पार्टी के नाम पर अधिकारियों पर दबाव बनाकर उन्हें जमीन से बेदखल कराने की कोशिश की जा रही है। हालांकि कलेक्टर द्वारा परिवार को आश्वासन दिया गया है कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
धरने पर बैठे परिवार ने साफ कहा है कि जब तक उनकी दोनों मांगें पूरी नहीं होती, तब तक वे भीषण गर्मी में भी अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे।




