






जिला स्वास्थ्य विभाग की सरकारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, एक गंभीर
जांजगीर-चांपा। जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिला स्वास्थ्य विभाग की सरकारी गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शासकीय कार्य से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन नानघाट के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरकारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि वाहन में तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार घायल मरीज कोमा की स्थिति में है और उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक वाहन में चालक उपाध्याय, विभाग के लेखापाल पी. एल. साहू एवं उनके रिश्तेदार (साला) सवार थे। मृतकों की आधिकारिक पुष्टि एवं उनकी पहचान को लेकर प्रशासन द्वारा प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे से स्वास्थ्य विभाग और जिले में शोक की लहर है।




