

आज लगातार चौथे दिन सड़क हादसे से खून से लाल हुई सड़क, एक की मौत, एक गंभीर घायल
चांपा। चांपा नगर में लगातार चौथे दिन भी सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। आए दिन हो रहे हादसों से नगरवासी दहशत में हैं और लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर इन घटनाओं पर लगाम कब लगेगी। सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहला मामला – युवक गंभीर घायल
पहली घटना में ग्राम हाथनेवरा निवासी रवि पटेल (25 वर्ष), पिता सम्मेलाल पटेल, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रही एक चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रवि के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है, जिसमें एक पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
घटना के बाद उन्हें तत्काल चांपा के शासकीय बीडीएम अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
दूसरा मामला – साइकिल सवार की मौत
दूसरी घटना में चांपा सदर बाजार के डोंगाघाट निवासी तुलसीदास महंत (60 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा जगदल्ला से सिवनी मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार तुलसीदास महंत साइकिल से अपनी दिशा में जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ‘छोटा हाथी’ वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मानवता दिखाते हुए वाहन चालक उन्हें उसी वाहन से शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा शव को मर्च्युरी में रखा गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन सहित आरोपी चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने नगर की यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाता है।






