



बस स्टैंड के सामने दर्दनाक हादसा, पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल
चांपा। नगर के Maharana Bus Stand के सामने हुए सड़क हादसे में 60 वर्षीय सरजू भैना की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक सरजू भैना ग्राम पचौरी, थाना सारागांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरजू भैना अपने बेटे आशीष के साथ दोपहिया वाहन से महुदा से Shivrinarayan मेले में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे चांपा महाराणा बस स्टैंड के पास पहुंचे, कथित रूप से शराब के नशे में होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से जा भिड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए चांपा के शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सरजू भैना को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशीष का उपचार जारी है।
मृतक के शव को बीडीएम अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। घटना के बाद पिकअप वाहन के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



