



अग्रसेन जयंती पर सेवा और समर्पण की मिसाल, बरपाली चौक पर किया गया प्रसाद वितरण
अविनाश मोदी, योगेश अग्रवाल एवं अग्रवाल सेवा संघ की पहल; छोला-चावल और मिष्ठान वितरित कर दिया जनसेवा का संदेश
चांपा। महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के पावन अवसर पर चांपा नगर में सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जयंती के उपलक्ष्य में नगर के बरपाली चौक पर प्रतिष्ठित नागरिक अविनाश मोदी, योगेश अग्रवाल एवं अग्रवाल सेवा संघ द्वारा स्टॉल लगाकर राहगीरों और आम नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान छोला-चावल सहित विभिन्न प्रकार के मिष्ठान एवं व्यंजन प्रसाद स्वरूप वितरित किए गए। वहीं, मोदी चौक के समीप डीडवानिया कॉम्प्लेक्स परिसर में भी स्टॉल लगाकर राज अग्रवाल एवं अखिलेश मोदी द्वारा प्रसाद वितरण किया गया।
प्रसाद वितरण के दौरान रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने रुककर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और जनसेवा के इस कार्य को सफल बनाया। प्रसाद पाकर लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता देखने को मिली। नगर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इस पहल के माध्यम से समाज ने सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश दिया।



महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आगे बढ़ाने की पहल
महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को सेवा, सहयोग, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनके आदर्शों में जनकल्याण और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान की भावना निहित है। उनके द्वारा स्थापित सेवा एवं सहयोग की परंपरा आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। महाराजा अग्रसेन जी की महिमा और उनके महान विचार हमें मानवता की सेवा करने तथा जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
महाराजा अग्रसेन जी द्वारा जनकल्याण और जनसेवा के लिए प्रस्तुत आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा प्रसाद वितरण का यह कार्य सराहनीय है। ऐसे सेवाभावी आयोजन न केवल उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत बनाते हैं।
अग्रवाल समाज द्वारा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं सेवाभावी कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया जाता रहा है। अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित यह प्रसाद वितरण कार्यक्रम भी इसी सेवा भावना का प्रतीक बना, जिसमें धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक दायित्व और मानव सेवा का संदेश देखने को मिला।




