




हसदेव नदी में अवैध रेत खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, जेसीबी और 7 ट्रैक्टर जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण, अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में खनिज नियमों के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा।जिले में हसदेव नदी क्षेत्र से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज अमले ने ग्राम नवापारा (केवा) में अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन जब्त की है। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान हसदेव नदी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए सात ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं।
नवापारा में अवैध उत्खनन, जेसीबी जब्त
खनिज विभाग के अनुसार, ग्राम नवापारा (केवा) में जांच के दौरान खनिज रेत के अवैध उत्खनन में एक जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन संलिप्त पाई गई। खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर लिया गया है। जब्त जेसीबी को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है।
सात ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई
विभागीय अमले द्वारा विगत दो दिनों में महुदा, पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा, चरण नगर, चांपा और नवागढ़ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम हाईवा और पीथमपुर क्षेत्र से हसदेव नदी के इलाके में रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए सात ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए चांपा एवं नवागढ़ थाना तथा कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है।
खनिज अधिनियम के तहत होगी आगे की कार्रवाई
खनिज विभाग ने दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23ख तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
जिले में लगातार की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संपदा के अवैध दोहन पर अंकुश लगाना और रेत के अवैध परिवहन को रोकना है।




