


हसदेव नदी में बहता मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
चांपा। चांपा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। हसदेव नदी में एक नवजात शिशु का शव बहता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल नवजात की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात का शव नदी में कैसे पहुंचा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों के संबंध में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है, ताकि नवजात की पहचान और मामले की वास्तविकता का पता लगाया जा सके।
फिलहाल चांपा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




