



बिजली और पानी की समस्या को लेकर पार्षद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
7 दिन में व्यवस्था सुधारने की मांग, नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 में लगातार हो रही बिजली और जल समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। वार्ड पार्षद देवनारायण बरेठ (पिंटू) ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की खराब विद्युत एवं जल व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक 19 अंतर्गत अधियारापारा, मठीचौक और नायकटांड़ क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। क्षेत्र के विद्युत कनेक्शन को मुख्य टाउन फीडर से जोड़ने की मांग को लेकर बीते वर्ष 6 सितंबर 2024 को करीब 100 से 200 मोहल्लेवासियों ने विद्युत कार्यालय का घेराव किया था। उस दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा तीन माह के भीतर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया था।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसके बाद 27 मई 2025 को पुनः बिजली समस्या को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि प्रतिदिन लगभग 20 से 25 बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती के कारण जल संकट भी गहरा गया है और लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
पार्षद देवनारायण बरेठ ने कहा कि बार-बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इससे वार्ड की जनता में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग, नगर पालिका प्रशासन और शासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अकलतरा, विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अकलतरा तथा थाना प्रभारी अकलतरा को भी भेजी गई है।
वर्तमान भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की समस्या ने नगरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर प्रशासन और विद्युत विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।




