



बिजली समस्या को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, पार्षद पिंटू बरेठ के नेतृत्व में बिजली ऑफिस का घेराव
अकलतरा। नगर पालिका परिषद अकलतरा के वार्ड क्रमांक 19 में लगातार हो रही बिजली कटौती और विभागीय लापरवाही को लेकर आखिरकार लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में लंबे समय से खराब बिजली व्यवस्था से परेशान वार्डवासियों ने पार्षद देवनारायण उर्फ पिंटू बरेठ के नेतृत्व में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान 50 से अधिक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि वार्ड के नायक तांड एवं मंडी रोड क्षेत्र में कई महीनों से लगातार बिजली समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि दिनभर में 20 से 25 बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे भीषण गर्मी में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है और बच्चों की पढ़ाई से लेकर दैनिक कार्य तक प्रभावित हो रहे हैं।
इससे पहले भी पार्षद पिंटू बरेठ द्वारा कई बार बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी। विभागीय अधिकारियों ने समस्या जल्द हल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। लगातार अनदेखी से नाराज होकर आखिरकार वार्डवासियों ने बिजली ऑफिस पहुंचकर घेराव किया और जल्द समाधान की मांग उठाई।
घेराव के दौरान लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तीखी बहस भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि समय रहते व्यवस्था सुधार ली जाती तो आंदोलन की नौबत नहीं आती। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं प्रदर्शन के बाद विभागीय अधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि लगभग 35 से 40 दिनों के भीतर क्षेत्र का सर्वे कराया जाएगा और बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया, लेकिन लोगों ने साफ कहा कि यदि तय समय में सुधार नहीं हुआ तो दोबारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।




