ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम



ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
बिर्रा (जांजगीर-चांपा)। बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिर्रा में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य चौराहे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा शिवरीनारायण-केरा मार्ग स्थित बिर्रा के नामदेव जनरल स्टोर के सामने रात करीब 8:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि केरा की ओर से आ रहे एक ट्रेलर कैप्सूल वाहन ने पीछे से बिर्रा निवासी छत्तू पटेल (55 वर्ष) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने बिर्रा बस स्टैंड चौक पर रायगढ़-बिलासपुर मार्ग तथा सारंगढ़-चांपा-कोरबा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। चक्का जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।







