



नैला में पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
जांजगीर-चांपा। आमजन की सुविधा और पुलिस-जनसहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत चौकी नैला क्षेत्र में जूना तालाब के पास पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन किया गया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा यहां पुलिस मितान बूथ खोलने की मांग की जा रही थी।
पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलेंडेन यॉर्क द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने उपस्थित वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को बूथ के उद्देश्य और उपयोगिता की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बूथ के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को पुलिस से संबंधित आवश्यक सहायता एवं जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस विभाग द्वारा “सुरक्षित क्षेत्र—सशक्त समाज” की भावना के साथ आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




