
🚨 ब्रेकिंग न्यूज़: एरियर्स निकालने के बदले ₹10 हजार रिश्वत, प्राचार्य और बाबू गिरफ्तार
एसीबी बिलासपुर की ट्रैप कार्रवाई में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरारी के दोनों कर्मचारी रंगे हाथों पकड़े गए
जांजगीर-चांपा। जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरारी में दबिश देकर प्राचार्य और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय स्कूल की प्राचार्य अंजुला सोनी द्वारा सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी मनीष राठौर के वेतन एरियर्स का भुगतान निकालने के एवज में कथित तौर पर ₹20 हजार रिश्वत की मांग की गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच ₹10 हजार में सहमति बनी।
बताया जा रहा है कि प्राचार्य के कहने पर स्कूल में पदस्थ बाबू विकास मसीह द्वारा रिश्वत की रकम ली गई। शिकायत के आधार पर एसीबी बिलासपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की और ₹10 हजार की रिश्वत लेते विकास मसीह को मौके पर पकड़ लिया। इसके साथ ही प्राचार्य अंजुला सोनी को भी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की टीम ने स्कूल परिसर में कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम बरामद की। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह एसीबी बिलासपुर की 56वीं ट्रैप कार्रवाई है। मामले में एसीबी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




