




जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर अम्बेडकर भवन में हुआ शानदार जलसा
चांपा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पावन मौके पर यंग कमेटी सुन्नी मुस्लिम जमात द्वारा अम्बेडकर भवन में शानदार जलसे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रों से मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में कोलकाता से पहुंचे कारी नेशार अहमद रजवी ने अपनी तकरीर पेश की और ईद मिलादुन्नबी के महत्व एवं पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। वहीं बाहर से आए नातख्वानों के साथ स्थानीय पेश इमाम हाजी अख्तर मिस्बाही सहित अन्य लोगों ने भी नात-ए-पाक एवं कलाम पेश किए।
जलसे के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह एवं अकीदत के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के आयोजन में यंग कमेटी सुन्नी मुस्लिम जमात के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे, जिससे अम्बेडकर भवन परिसर में काफी भीड़ नजर आई।



