
गोबरा-नवापारा में सफाई कर्मचारी से मारपीट का आरोप, थाने का घेराव
रायपुर/राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र अंतर्गत गोबरा-नवापारा नगर पालिका में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक स्वच्छता कर्मचारी के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया। घटना के बाद नगर के सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए थाना परिसर का घेराव कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के स्वच्छता कर्मचारी जुगे मचखंड के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। इस घटना में उनके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है, जिसे फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब पीड़ित की बेटी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी और रिश्वत नहीं देने पर मारपीट की गई। परिजनों ने आरक्षक हुलास साहू पर लेन-देन और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में एकजुट हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन रायपुर के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, समाज सेविका अंबिका तिवारी, हर्षा परपानी, राजेश साहू, मुकेश कुमार वर्मा, विजय महापात्र सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कर्मचारियों का समर्थन किया।
समर्थन में आए प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, नगर में इस घटना को लेकर माहौल गरमाया हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




