



मायूम चांपा की वार्षिक बैठक सम्पन्न, निखिल अग्रवाल बने अध्यक्ष
चांपा। मारवाड़ी युवा मंच (मायूम) चांपा इकाई की वार्षिक बैठक होटल दस्कीन बिस्तरों में संपन्न हुई। बैठक में वर्षभर के कार्यकाल की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष रजत अग्रवाल एवं सचिव अमन अग्रवाल द्वारा बीते वर्ष में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई तथा आय-व्यय का पूरा विवरण प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दूसरे चरण में संगठन के नए अध्यक्ष के चयन पर चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निखिल अग्रवाल को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं अमन अग्रवाल को सचिव तथा कोषाध्यक्ष का दायित्व निखिल अग्रवाल को सौंपा गया। विशाल अग्रवाल को उपाध्यक्ष एवं आदित्य सोमानी को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष द्वारा जल्द ही बाकी की नई कार्यकारिणी के गठन की बात कही गई।
बैठक में आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि पूर्व के स्थायी प्रकल्पों को जारी रखते हुए नए जनहितकारी प्रकल्प शुरू किए जाएंगे। चांपा के मेडिकल हब के रूप में विकसित होने को देखते हुए बाहर से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए “माता की रसोई” प्रकल्प जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे आमजन और जरूरतमंदों को सस्ता एवं सुलभ भोजन मिल सके।
इसके अलावा गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देने हेतु शहर में प्याऊ खोलने का निर्णय लिया गया। साथ ही पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी दुर्गा उत्सव एवं रास गरबा का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किए जाने पर सहमति बनी। वही स्थाई प्रकल्पों में वृद्धि करते हुए नया वाटर कूलर लगवाने की सहमति बनी है।
मंच द्वारा संचालित जनसेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान में दो एम्बुलेंस,अमृत धारा प्रकल्प के तहत 3 वाटर कूलर, 3 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एवं 6 ऑक्सीजन सिलेंडर का संचालन किया जा रहा है, जिन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा।
बैठक में प्रकाश अग्रवाल, अजय शर्मा, राज अग्रवाल, अंकित मोदी, शलभ केडिया, अनुपम केडिया, विनय अग्रवाल,विशाल अग्रवाल, रजत अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, अमन अग्रवाल, आदित्य सोमानी, निखिल जालान, विकास मोदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



