






अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता शिविर एवं सम्मान समारोह, महिलाओं के अधिकारों पर दिया गया जोर
जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के आदेशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च 2026 को एडीआर भवन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर में जागरूकता शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सामाजिक भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शक्ति सिंह राजपूत, प्रधान जिला न्यायाधीश, संघरत्ना भतपहरी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय जांजगीर, सुनीता साहू, विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) एवं लीना अग्रवाल, द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा सुनिश्चित करना पुरुषों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं शक्ति और समृद्धि की प्रतीक हैं तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी हर महिला तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने वंचित महिलाओं को विधिक सहायता उपलब्ध कराने और महिला उत्थान के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीना अग्रवाल ने कहा कि स्त्री और पुरुष जीवन रूपी गाड़ी के दो पहिए हैं, दोनों के बिना समाज का संतुलन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं और जरूरत पड़ने पर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष भी कर रही हैं, ऐसे में समाज का कर्तव्य है कि उन्हें सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाए।
कार्यक्रम में ईश्वरी अनंत सहायक ग्रेड-02 ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सहोदरा जांगड़े ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 8 मार्च का दिन विश्वभर में नारी शक्ति और महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है।
इस दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं मंचासीन न्यायाधीशगण द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला न्यायाधीशों, अधिकारियों एवं न्यायिक कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला जांजगीर-चांपा के समस्त न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारी, परिवार न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी एवं पैरालीगल वालंटियर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन अंजू कंवर, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने किया।




