सचिव की कथित मनमानी के खिलाफ भुईगांव पंचायत का विरोध

videoshot 20260112 1800093023832941079587294 Console Corptech
videoshot 20260112 1800027978296240597761488 Console Corptech

सचिव की कथित मनमानी के खिलाफ भुईगांव पंचायत का विरोध
उप सरपंच सहित ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
जांजगीर-चांपा।
जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भुईगांव के पंचायत सचिव राजकुमार सुनहरे की कथित मनमानी को लेकर उप सरपंच, पंचों एवं ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम पंचायत भुईगांव के उप सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि पंचायत सचिव अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से नहीं कर रहे हैं। उप सरपंच एवं पंचों ने बताया कि सचिव द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में आम नागरिकों से अवैध रूप से राशि वसूली की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सचिव न तो ग्राम पंचायत की महत्वपूर्ण बैठकों में नियमित रूप से शामिल होते हैं और न ही प्रतिदिन ग्राम पंचायत भुईगांव में उपस्थित रहते हैं। कई बार मौखिक रूप से पंचायत में उपस्थित रहने का आग्रह करने के बावजूद सचिव द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव राजकुमार सुनहरे ग्राम पंचायत भुईगांव में पदस्थ होने के बावजूद लगभग 20 किलोमीटर दूर पामगढ़ में निवास करते हैं, जिसके कारण पंचायत से जुड़े अनेक आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सचिव के इस रवैये से ग्रामवासियों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम पंचायत भुईगांव में पदस्थ सचिव राजकुमार सुनहरे का तत्काल अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए, ताकि पंचायत के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button