


जांजगीर-चांपा में बड़ा घोटाला उजागर
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु सहायता योजना में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया
जांजगीर-चांपा। जिले में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने इस मामले का खुलासा करते हुए जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, विकासखंड बम्हनीडीह निवासी स्वर्गीय श्रीमती सुमन बाई पटेल के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रम विभाग में पंजीयन कराया गया। आरोप है कि वास्तविक मृत्यु तिथि पूर्व की होने के बावजूद दस्तावेजों में हेरफेर कर गलत मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर योजना की सहायता राशि स्वीकृत कर ली गई।
बताया जा रहा है कि फर्जी कागजातों के आधार पर ₹1,00,000 की सहायता राशि संबंधित बैंक खाते में अंतरित भी कर दी गई। इस पूरे प्रकरण में विभागीय स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है, जिससे श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गगन जयपुरिया ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसमें श्रम विभाग से जुड़े दलालों और कुछ अधिकारियों की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई, गलत तरीके से निकाली गई राशि की रिकवरी तथा जिलेभर में संचालित योजनाओं की विशेष जांच और ऑडिट कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा, “प्रदेश में भाजपा और सुशासन की सरकार है। गरीबों और श्रमिकों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”
प्रशासन की ओर से मामले की जांच के संकेत मिले हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।




