



होली पर्व पर चांपा पुलिस की सख्ती, नगर में चलाया जा रहा सघन वाहन जांच अभियान
चांपा। होली त्यौहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चांपा में जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सख्त पहरा जारी है और जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में चांपा पुलिस द्वारा त्योहारी सीजन में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है, वहीं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस का यह अभियान प्रतिदिन संचालित किया जा रहा है, जिससे हुड़दंग मचाने की मंशा रखने वाले तत्वों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं आम नागरिक पुलिस की इस सक्रियता की सराहना कर रहे हैं और इसे होली जैसे पर्व पर आवश्यक कदम बता रहे हैं।
थाना चांपा के थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की उपद्रव की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजनों से भी अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




