
कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ : कलेक्टर कार्यालय का घेराव कल
चांपा। कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में आज 17 फरवरी को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि दोपहर 1 बजे जांजगीर-चांपा रोड स्थित मदन लाल के बंद पेट्रोल पंप के पास कांग्रेसजन एकत्रित होंगे। यहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार किसानों एवं मजदूरों के खिलाफ नीतियां अपना रही है और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में किए जा रहे बदलाव गरीबों के हित में नहीं हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण’ किया जाना, राज्य को 40 प्रतिशत राशि देने का प्रावधान तथा कार्य चयन का अधिकार स्थानीय स्तर पर सीमित करना मजदूरों के हितों के खिलाफ है।
कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि मनरेगा गरीबों के लिए रोजगार की महत्वपूर्ण गारंटी योजना है, जिसे कमजोर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि महात्मा गांधी के नाम को हटाना उनके ग्राम स्वराज और रामराज्य की अवधारणा के विपरीत है।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी विजय जांगिड़, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र कुमार सिंह, श्रीमती शेषराज हरवंश, बालेश्वर साहू एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त समन्वयक विजय केशरवानी शामिल होंगे।
इसके अलावा कांग्रेस के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य, पंच-सरपंच, वरिष्ठ कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।




