



ग्राम पंचायत लछनपुर के बाबाडेरा में आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन
जनपद उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने किया शुभारंभ
जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत लछनपुर के बाबाडेरा में नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन जनपद उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गांव के नन्हे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए मजबूत आधार साबित होगा। यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। यहां से बच्चों को संस्कार, सुरक्षा और सशक्त शुरुआत मिलेगी, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लछनपुर के सरपंच गेंदराम कुर्रे, रामगोपाल साहू, उपसरपंच केदारनाथ कुम्हार, शुभम सिंह राजपूत, राजकुमार यादव, श्रीमती प्रेमा बाई गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ किया और ग्रामीणों को बधाई दी।
स्थानीय ग्रामवासियों ने आंगनबाड़ी केंद्र खुलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे छोटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर दवाइयां और पौष्टिक आहार उपलब्ध होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार आएगा और गांव के समग्र विकास को गति मिलेगी।




