





परीक्षा के बीच ड्रिल मशीन की गूंज, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित
10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षा से पहले ध्वनि प्रदूषण बना बड़ी चिंता
जांजगीर-चांपा। बोर्ड परीक्षा नजदीक है और विद्यार्थी अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं, लेकिन शहर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय परिसर में रहने वाले एक अभिभावक ने तेज ध्वनि प्रदूषण को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
पुराना हॉस्पिटल कॉलोनी निवासी महेन्द्र प्रताप सिंह ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर निर्माणाधीन पानी टंकी में चल रही भारी ड्रिल मशीन पर परीक्षा अवधि तक रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि आवासीय परिसर के समीप पानी टंकी का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जहां खुदाई और तोड़फोड़ के लिए भारी ड्रिल मशीन का उपयोग किया जा रहा है।
ड्रिल मशीन से निकलने वाली तीव्र ध्वनि तरंगों के कारण आसपास रहने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रार्थी के अनुसार उनकी पुत्री कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्रा है, जिनकी बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रही हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में लगातार मशीनों की गूंज से एकाग्रता भंग हो रही है और परीक्षा की तैयारी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
अभिभावक ने प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा अवधि के दौरान निर्माण कार्य में उपयोग हो रही भारी मशीनों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाए या कार्य के लिए निश्चित समय निर्धारित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत वातावरण मिल सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इस मामले में क्या निर्णय लेता है।




