


चांपा नगर में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय, बैरियल चौक पर दोपहिया भिड़ंत में एक गंभीर
चांपा। नगर में पिछले कुछ सप्ताह से लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। हाल के दिनों में हुए दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, वहीं कुछ की मौत भी हो चुकी है। लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आज की ताजा घटना नगर प्रवेश मार्ग स्थित बैरियल चौक की बताई जा रही है, जहां दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटना में दोनों दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हादसों की संख्या बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण के सख्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।




