


विधायक व्यास कश्यप के प्रयास रंग लाए, जांजगीर-पीथमपुर मार्ग निर्माण को मिली स्वीकृति
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्रामीण अंचल के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जांजगीर-पीथमपुर मार्ग के मजबूतीकरण एवं निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा 27 मार्च को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 27 करोड़ 78 लाख 46 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
करीब 9.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से जर्जर इस मार्ग के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया था।
इस सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही थी, जिसे प्रमुखता से उठाने में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप की अहम भूमिका रही। उन्होंने विधानसभा से लेकर प्रशासनिक स्तर तक इस मुद्दे को मजबूती से रखा। इतना ही नहीं, वे आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन में भी शामिल हुए। इस दौरान जांजगीर-चांपा मार्ग पर चक्का जाम कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, जिसमें विधायक सहित कई लोगों पर एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
विधायक व्यास कश्यप ने बताया कि इस सड़क को वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल कराया गया था, लेकिन उस समय प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिल पाई। इसके बाद वर्ष 2025-26 के बजट में पुनः शामिल कराते हुए लगातार प्रयास किए गए। हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र में उन्होंने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, जिसके बाद अब स्वीकृति मिल सकी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, जल्द ही इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
इस निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि उनके जीवन को आसान बनाने वाला बड़ा कदम है। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, छात्रों को शिक्षा और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी।




