



चांपा नगर में चोरी, कृष्णा डेयरी से करीब 80 हजार नगद पार
चांपा। नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते मंगलवार की देर रात लगभग 2:30 बजे बरपाली चौक से आगे पुराना स्टेट बैंक के सामने स्थित कृष्णा डेयरी में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नगद (चिल्लर सहित) पार कर दिए। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 2:20 बजे एक अज्ञात युवक दुकान के पास पहुंचा और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को दूसरी दिशा में घुमाने का प्रयास किया। हालांकि कैमरा पूरी तरह नहीं घूम पाया और घटना का अधिकांश हिस्सा रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी आसपास की हलचल पर नजर रखते हुए छिपता रहा और मौका मिलते ही अपने साथ लाए लोहे की रॉडनुमा वस्तु से शटर का ताला तोड़ने लगा। काफी मशक्कत के बाद वह ताला तोड़ने में सफल हुआ और शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर अंदर घुस गया। काउंटर में रखी नगदी समेटकर वह बाहर निकला और शटर गिराकर मौके से फरार हो गया।
सुबह दुकान पहुंचे संचालक लालू यादव ने ताला टूटा देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। उनकी शिकायत पर चांपा थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शाम को थाना प्रभारी अशोक वैष्णव स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान में जुटी है।
थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नगर में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। पूर्व में हुई चोरी की वारदातों में भी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले थे, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हाल ही में भोजपुर के एक शासकीय स्कूल में भी चोरों ने महंगे उपकरण पार कर दिए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
वहीं थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।





