













मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव: बैरिकेड तोड़ा, पुलिस से झड़प
जांजगीर-चांपा। मनरेगा में बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहला सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और कलेक्टर कार्यालय के सामने पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अगुवाई में कांग्रेसी रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के सामने लगाए गए टीन शेड गेट को तोड़ने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बन गई।
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ भी शामिल रहे। जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ,जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई और किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा में प्रस्तावित बदलाव मजदूरों के हित में नहीं हैं, जबकि प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।








