

शिव मूर्ति खंडित करने के आरोप में शेख अनवर गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा, 17 फरवरी 2026।
नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खैरताल में स्थित शिव मंदिर की मूर्ति खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को ग्राम खैरताल में मंदिर की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नवागढ़ थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान खैरताल निवासी शेख अनवर उर्फ छोटा फोन (30 वर्ष) पर संदेह के आधार पर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा नशे की हालत में मूर्ति खंडित करने की बात स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी शेख अनवर उर्फ छोटा फोन, उम्र 30 वर्ष, निवासी खैरताल थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा बताया गया है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे (थाना प्रभारी नवागढ़), सउनि संतोष केरकेटटा, प्रधान आरक्षक शिवनंदन गिरधारी, आरक्षक हेमंत खरे, मुकेश राज एवं थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की है तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।




