








चांपा: जन्मदिन के दिन ही एसआई दादुरैया सिंह हुए सेवानिवृत्त, थाना में मनाया गया जश्न और दी गई भावुक विदाई
चांपा। थाना चांपा में एक अनोखा और यादगार पल देखने को मिला, जब सब इंस्पेक्टर दादुरैया सिंह ने अपने 40 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूरी कर 31 मार्च को सेवानिवृत्ति ली। इस अवसर को खास बनाता है यह संयोग कि इसी दिन उनका जन्मदिन भी था।
थाना परिसर में इस दोहरे मौके पर खुशी और भावुकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जहां पूरे स्टाफ ने केक काटकर उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया, वहीं दूसरी ओर ससम्मान विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर उमेंद्र मिश्रा ने उन्हें कोसे की शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि सब इंस्पेक्टर सत्यम चौहान ने श्रीफल भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान थाना स्टाफ के सभी सदस्य, उनके परिजन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में एसआई लकड़ा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया। इस दौरान मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे।
अपने विदाई संबोधन में दादुरैया सिंह की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि “पुलिस विभाग में बिताए गए 40 वर्ष मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। मैंने पूरी ईमानदारी से भारत माता की सेवा की है, और यदि भविष्य में विभाग को मेरी आवश्यकता होगी, तो मैं सदैव तैयार रहूंगा।”
इस खास मौके पर उनके परिवार में भी खुशी का माहौल देखने को मिला, क्योंकि एक ही दिन जन्मदिन और सेवानिवृत्ति का ऐसा संयोग विरले ही देखने को मिलता है।
समाजसेवी एवं पत्रकार विनय अग्रवाल ने कहा कि दादुरैया सिंह जैसे अधिकारी विभाग के लिए प्रेरणा हैं, जिन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल कायम की है।
इस तरह यह दिन दादुरैया सिंह के जीवन का एक ऐतिहासिक और भावनात्मक अध्याय बन गया, जिसे थाना चांपा के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन लंबे समय तक याद रखेंगे।






