
प्रदेश कांग्रेस सचिव टिंकू मेमन ने बजट को बताया किसान-विरोधी और दिखावटी
जांजगीर-चांपा। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव टिंकू मेमन ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे आम जनता के साथ छलावा बताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का बजट भी केंद्र सरकार के बजट की तर्ज पर आम लोगों को भ्रमित करने वाला और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है।
टिंकू मेमन ने आरोप लगाया कि केंद्र के बजट में जिस प्रकार आम नागरिकों की अपेक्षाओं को नजरअंदाज किया गया, उसी तरह प्रदेश के बजट में भी जनता को राहत देने के बजाय केवल दिखावटी घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लोगों को उम्मीद थी कि राज्य सरकार किसान, मजदूर और युवाओं के हित में ठोस कदम उठाएगी, लेकिन प्रस्तुत बजट किसान-विरोधी और निराशाजनक साबित हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी से जूझ रहा है और रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। सरकार नई नौकरियां देने में असफल रही है, वहीं जो लोग पहले से कार्यरत हैं, उनकी नौकरी की सुरक्षा भी खतरे में है। यह स्थिति चिंताजनक है।
कांग्रेस नेता ने मांग की है कि सरकार बजट में संशोधन कर किसानों, युवाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों के हित में ठोस प्रावधान करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।



