




जांजगीर के ऑडिटोरियम में श्रमिक जन संवाद सम्मेलन आयोजित, 1.37 करोड़ से अधिक की राशि वितरित
जांजगीर-चांपा। 17 फरवरी 2026 को जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम भवन में श्रमिक जन संवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्रम विभाग जांजगीर-चांपा के तत्वाधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक और हितग्राही शामिल हुए। ऑडिटोरियम सभागार लगभग पूरा भरा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही श्रम विभाग के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 37 लाख 02 हजार 294 रुपये की राशि वितरित की गई। आर्थिक सहायता मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि श्रम विभाग द्वारा इस प्रकार का यह पहला बड़ा जन संवाद सम्मेलन है। इससे पूर्व विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाया जाता रहा है, लेकिन इस तरह का केंद्रीकृत श्रमिक सम्मेलन पहली बार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के बीच खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगेश दत्त मिश्रा, भाजपा जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल, अनिल शर्मा, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, हितेश यादव, पुष्पेंद्र सिंह, संजय शर्मा सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम विभाग द्वारा किया गया तथा अंत में जिला श्रम अधिकारी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला श्रम विभाग के अधिकारी समीर मिश्रा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि श्रमिकों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रमों से श्रमिकों में जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं से लाभान्वित हो सकेंगे।
यह आयोजन श्रमिकों को योजनाओं से सीधे जोड़ने और संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



