जिले के 1,18,890 किसानों के खाते में आए 23.91 करोड़ रुपए, पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी



जिले के 1,18,890 किसानों के खाते में आए 23.91 करोड़ रुपए, पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी
जांजगीर-चांपा। कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा में शुक्रवार 13 मार्च 2026 को पी.एम. किसान उत्सव दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की गई, जिसका सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया।
इस दौरान जिले के 1,18,890 किसानों के डीबीटी बैंक खातों में कुल 23.91 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में योजना की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस किस्त के तहत पूरे देश में लगभग 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों को भेजी गई, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक श्री राकेश कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए किसानों को दलहन-तिलहन फसलों के विस्तार, मिट्टी परीक्षण एवं आधुनिक खेती के बारे में बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के.डी. महंत ने प्राकृतिक खेती, जीवामृत व बीजामृत बनाने की विधि और उसके उपयोग की जानकारी दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 150 किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, वहीं विकासखंड स्तर पर 523 कृषक तथा पूरे जिले में कुल 673 कृषकों को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। ग्राम स्तर पर भी कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।




