


जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
बिर्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन, कार्रवाई को बताया राजनीतिक बदले की भावना
जांजगीर-चांपा। जैजैपुर विधायक एवं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर बिर्रा में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
यह विरोध प्रदर्शन रविवार शाम 5 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक प्रतिनिधि (खनिज विभाग) कमलेश कश्यप ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई कर रही है। नेताओं का कहना था कि जनहित और जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस मौके पर कमलेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा,
“बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या है। यह सरकार जनप्रतिनिधियों की आवाज को कुचलना चाहती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा चेतावनी दी गई कि यदि विधायक बालेश्वर साहू को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
पुतला दहन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि माहौल पूरी तरह राजनीतिक गर्मी से भरा रहा।
इस विरोध प्रदर्शन में कमलेश कश्यप, संतन महंत, विशाल सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रज्जाक खान, उपाध्यक्ष विनोद खुटे, कृष्णा साहू, मनोज चंद्रा, चंद्रभाष ठाकुर, आजम खान, प्रदीप पटेल, लक्ष्मी चौहान, सुनील चंद्रा, विजय जोशी, खिरेन्द्र जायसवाल, मयंक दिवान, लोकेंद्र कश्यप, पितांबर कश्यप, भूपेन्द्र साहू, संजू साहू, चिरंजीव साहू, यशोदा लाल, दूधनाथ साहू, दिनेश साहू, प्रदीप देवांगन, किशन देवांगन, करन देवांगन, अभिषेक पटेल, राजू आदित्य, आशीष खुटे, शिव साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




