
बढ़ती दुर्घटनाओं और अपराध पर अंकुश लगाने एसपी विजय पाण्डेय एक्शन मोड में, स्पेशल टास्क फोर्स का गठन
जांजगीर। जिले में बढ़ते अपराध और लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने प्रशिक्षण से लौटते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
हाल ही में जिले में अपराध और दुर्घटनाओं की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी। इसी बीच एसपी विजय पाण्डेय ने वापस आते ही करही में हुए गोलीकांड मामले का जायजा लिया और उसके बाद तत्काल प्रभाव से स्पेशल टास्क फोर्स के गठन का आदेश जारी कर दिया।
जारी आदेश के अनुसार दो अलग-अलग टास्क फोर्स टीमों का गठन किया गया है, जिनमें प्रत्येक टीम में 7-7 पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है। यह विशेष टीम जिले में पहले से कार्यरत रिस्पांस टीम के साथ मिलकर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करेगी।
पुलिस विभाग की इस नई पहल को जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और सड़क दुर्घटनाओं समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
जिले में इन दिनों अवैध परिवहन भी लगातार बढ़ रहा है। खासकर रेत के अवैध परिवहन को लेकर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर पहले से अभियान चलाया जा रहा था, वहीं अब एसपी विजय पाण्डेय के एक्शन मोड में आने से अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
अब जिलेवासियों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित यह स्पेशल टास्क फोर्स अपराध और अवैध गतिविधियों पर कितनी प्रभावी साबित होती है।


