
आईपीएल सट्टेबाजी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, युवक गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चांपा एवं साइबर टीम की संयुक्त कार्यवाही में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन सहित 46 हजार 270 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 07 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांपा के मंझली तालाब क्षेत्र में एक युवक आईपीएल मैच Kolkata Knight Riders और Delhi Capitals के बीच खेले जा रहे मुकाबले में हार-जीत पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस एवं साइबर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप यादव (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 26, मंझली तालाब के पास, थाना चांपा जिला जांजगीर-चांपा बताया।
मोबाइल जांच के दौरान आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टा लगाए जाने के प्रमाण मिलने पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, एएसआई विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, मो. शहबाज सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




