जांजगीर-चांपा में ऐतिहासिक फैसला: फाइनेंस कंपनियों के 129 आर्बिट्रेशन अवार्ड एक झटके में निरस्त, ग्रामीणों को बड़ी राहत



जांजगीर-चांपा में ऐतिहासिक फैसला: फाइनेंस कंपनियों के 129 आर्बिट्रेशन अवार्ड एक झटके में निरस्त, ग्रामीणों को बड़ी राहत
जांजगीर-चांपा। जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा से एक ऐसा फैसला सामने आया है जिसे निजी फाइनेंस कंपनियों की मनमानी पर बड़ी चोट और आम लोगों, खासकर ग्रामीणों के लिए राहत भरा निर्णय माना जा रहा है। प्रधान जिला न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने एक ही दिन में सुनवाई करते हुए फाइनेंस कंपनियों के पक्ष में पारित 129 आर्बिट्रेशन अवार्ड (मध्यस्थता निर्णय) को प्रारंभ से ही शून्य (Void Ab-initio) घोषित कर दिया और इनके आधार पर दायर सभी निष्पादन (Execution) प्रकरणों को खारिज कर दिया।
यह फैसला उन सैकड़ों लोगों के लिए राहत लेकर आया है जो वर्षों से फाइनेंस कंपनियों की वसूली कार्रवाई और कानूनी दबाव का सामना कर रहे थे।
कैसे काम करता था फाइनेंस कंपनियों का नेटवर्क?
जानकारी के अनुसार, वाहन खरीदने के दौरान ग्राहकों को फाइनेंस कंपनियों द्वारा हायर परचेज एग्रीमेंट (Hire Purchase Agreement) के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इन समझौतों में 18 से 36 प्रतिशत तक ब्याज दर, किस्त नहीं चुकाने पर वाहन जब्त करने तथा आर्बिट्रेशन के माध्यम से वसूली करने जैसी शर्तें शामिल रहती हैं।
कई बार आर्थिक तंगी, फसल नुकसान या अन्य कारणों से ऋणधारक समय पर किस्तें नहीं चुका पाते। ऐसे मामलों में फाइनेंस कंपनियां उनके वाहन कब्जे में लेकर दूर-दराज के राज्यों में नियुक्त अपने आर्बिट्रेटरों के माध्यम से एकतरफा अवार्ड प्राप्त कर लेती थीं। अधिकांश मामलों में ऋणधारकों को सुनवाई की उचित जानकारी तक नहीं मिलती थी और उनके खिलाफ आदेश पारित हो जाते थे।
इसके बाद इन्हीं आदेशों के आधार पर जिला न्यायालयों में निष्पादन याचिकाएं दायर कर संपत्ति कुर्की और जबरन वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाती थी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, माननीय उच्चतम न्यायालय ने विभिन्न मामलों में स्पष्ट किया है कि फाइनेंस कंपनियों द्वारा इस प्रकार की एकतरफा आर्बिट्रेटर नियुक्ति और उससे प्राप्त अवार्ड विधिसम्मत नहीं हैं। यदि आर्बिट्रेशन प्रक्रिया में प्राकृतिक न्याय और कानूनी नियमों का पालन नहीं किया गया है तो ऐसे अवार्ड प्रारंभ से ही शून्य माने जाएंगे।
इन्हीं न्यायिक सिद्धांतों को आधार बनाते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश जयदीप गर्ग ने अपने समक्ष लंबित 129 निष्पादन प्रकरणों की समीक्षा की और सभी को निरस्त कर दिया।
न्यायालय की महत्वपूर्ण टिप्पणियां
न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि—
स्थानीय ग्रामीणों और ऋणधारकों के खिलाफ दूरस्थ राज्यों में बैठकर एकतरफा आर्बिट्रेटर नियुक्त करना अनुचित है।
आर्बिट्रेशन प्रक्रिया में निष्पक्षता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया।
ऐसे अवार्ड कानून की नजर में प्रारंभ से ही शून्य (Void Ab-initio) हैं।
इनके आधार पर किसी भी प्रकार की वसूली कार्रवाई नहीं की जा सकती।
फाइनेंस कंपनियों द्वारा दायर सभी निष्पादन याचिकाएं खारिज की जाती हैं।
ग्रामीणों और ऋणधारकों ने ली राहत की सांस
इस फैसले के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में राहत का माहौल है। कानूनी जानकारों का मानना है कि यह निर्णय उन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के अधिकारों की रक्षा करेगा जो कानूनी जानकारी के अभाव में फाइनेंस कंपनियों की कठोर वसूली प्रक्रिया का सामना कर रहे थे।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह फैसला केवल जांजगीर-चांपा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में ऐसे मामलों में अन्य न्यायालयों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकता है।
फाइनेंस कंपनियों को कड़ा संदेश
प्रधान जिला न्यायाधीश का यह निर्णय निजी वित्तीय संस्थानों के लिए भी एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि कानून और न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी कर एकतरफा आदेशों के जरिए वसूली का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। न्यायालय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन कर प्राप्त किया गया आदेश कानून की कसौटी पर टिक नहीं सकता।
एक ही दिन में 129 मामलों का निराकरण कर दिया गया यह फैसला जिले की न्यायिक व्यवस्था के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और चर्चित निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।







