जांजगीर में स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार




जांजगीर में स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। शहर के शारदा चौक के पास चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल, एक चापड़ (तलवारनुमा हथियार) तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर शारदा चौक के पास मुख्य मार्ग पर नकली पिस्टल और तलवार लहराकर लोगों को डरा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22 वर्ष), निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा निखिल बाधड़े (21 वर्ष), निवासी ग्राम भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक नकली पिस्टल और एक चापड़ बरामद किया गया। हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों हथियारों के साथ स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।







