






चांपा रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन जांच अभियान, कांवड़ियों के सामान से मिले तलवारनुमा हथियार
बाबाधाम से लौटने वाली साउथ बिहार ट्रेन में पुलिस की जांच, अवैध हथियारों के परिवहन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
चांपा। जिले एवं नगर में अवैध हथियारों के मिलने की घटनाओं को लेकर चांपा पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच बाबाधाम से लौटने वाले श्रद्धालुओं द्वारा हथियारनुमा वस्तुएं साथ लाए जाने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए चांपा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया।
एसडीओपी लोकेश बंसल के निर्देश पर थाना चांपा प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाबाधाम से लौटने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस के चांपा पहुंचने के दौरान यात्रियों और उनके सामान की जांच की। अभियान में थाना चांपा पुलिस के साथ रेलवे की आरपीएफ एवं जीआरपी पुलिस ने भी सहयोग किया।
जांच के दौरान कुछ लोगों के पास से तलवारनुमा हथियार बरामद होने की जानकारी सामने आई, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि चांपा नगर के लोग जागरूक हैं और पुलिस भी लगातार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाना आस्था का विषय है, लेकिन वापसी के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार को साथ लाना उचित नहीं है। यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार पाया जाता है या उसका परिवहन करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नगर में अवैध हथियारों के प्रवेश को रोकने के लिए रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर समय-समय पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा।




