

चाकू की नोक पर युवक से लूट, मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कुरदा शराब भट्ठी के पास वारदात को दिया था अंजाम, मोबाइल और नकदी लूटकर हुए थे फरार; चांपा पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
चांपा। चाकू दिखाकर युवक को डराने-धमकाने और मारपीट कर मोबाइल एवं नकदी लूटने वाले दो आरोपियों को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल और 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम महुदा निवासी राहुल उर्फ देव कुमार बरेठ 23 नवंबर की शाम काम समाप्त कर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम कुरदा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उससे पूछा कि उसके पास क्या-क्या है। जब युवक ने कुछ नहीं होने की बात कही तो दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जेब में रखे 700 रुपये नकद तथा हाथ में मौजूद वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपी उसे दोबारा मारने के लिए दौड़ाने लगे। किसी तरह जान बचाकर युवक वहां से भागा और घर पहुंचकर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। रात होने और डर के कारण उसने तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
अगले दिन 24 नवंबर को पीड़ित ने थाना चांपा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना स्थल एवं आसपास पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान सुनील यादव और नरोत्तम यादव, निवासी जगदल्ला के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और 200 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील यादव (21 वर्ष), पिता कार्तिक राम, निवासी जगदल्ला घसिया मोहल्ला तथा नरोत्तम यादव (31 वर्ष), पिता स्व. तुलसी यादव, निवासी जगदल्ला वार्ड क्रमांक 26, थाना चांपा के रूप में की है। दोनों को 24 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी सहित थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




