





पितृमोक्षार्थ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 12 से 18 सितंबर तक
जांजगीर चांपा। सिंधानिया/अग्रवाल परिवार (छितोली वाले) द्वारा पितृमोक्षार्थ गया श्राद्धांतर्गत श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कोरबा के जश्न रिसोर्ट, राताखार रोड में किया जा रहा है। सात दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 12 से 18 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके बाद 19 सितंबर को हवन, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजन के प्रथम दिवस 12 सितंबर शनिवार को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से कथा स्थल जश्न रिसोर्ट तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से श्रीभागवत शोभायात्रा, मंगलाचरण, गणेश पूजन, श्रीमद्भागवत महात्म्य एवं गौकरण व्याख्यान होगा।
13 सितंबर को भीष्म स्तुति, परीक्षित जन्म एवं सुकदेव-परीक्षित संवाद, 14 सितंबर को कपिल देव मुनि संवाद, ध्रुव चरित्र एवं शिव-सती प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। 15 सितंबर को नरसिंह अवतार, वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्म एवं जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 16 सितंबर को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ श्री गिरिराज पूजन एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। 17 सितंबर को कंस वध, गोपी गीत एवं रुक्मिणी विवाह तथा 18 सितंबर को सुदामा प्रसंग, परीक्षित मोक्ष एवं व्यास पूजन होगा। सभी कथा कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन के व्यास पीठ पर श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज विराजमान होकर अपनी सुमधुर वाणी से भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य की त्रिवेणी प्रवाहित करेंगे।
परिवार की ओर से बताया गया कि भगवान श्री बांकेबिहारी जी की असीम अनुकम्पा एवं पितरों के शुभाशीर्वाद से यह पुनीत आयोजन किया जा रहा है। सिंधानिया अग्रवाल परिवार (छितोली वाले), बम्हनीडीह, कोरबा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, भिलाई, बिजुरी एवं कोलकाता में निवासरत परिवारजनों ने सभी धर्मप्रेमी भक्तजनों से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का स्नेहिल आमंत्रण दिया है।
उक्त आयोजन से संबंधित समस्त जानकारी आनंद सिंघानिया द्वारा प्रदान करते हुए बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने के लिए आमंत्रित है।




