





यातायात व्यवस्था सुधारने व्यापारी संगठनों की बैठक, अतिक्रमण पर अब सख्ती के संकेत
चांपा। नगर में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के तत्वावधान में थाना परिसर स्थित एसडीओपी कार्यालय के समक्ष व्यापारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के अधिकारी-पदाधिकारी, व्यापारी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में नगर की वर्तमान यातायात व्यवस्था और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों के बाहर जरूरत से अधिक सामान निकालकर रखा जाता है। वहीं दुकानों पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और यातायात प्रभावित होता है।
इसके अलावा कुछ व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर अतिरिक्त शेड निकालकर तथा विभिन्न प्रकार के उपकरण और अन्य सामान रखकर स्थायी रूप से स्थान घेरने की बात भी सामने आई। इसे देखते हुए बैठक में स्पष्ट किया गया कि अब इस प्रकार के अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
पहले समझाइश, फिर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन द्वारा फिलहाल पहले चरण में व्यापारियों एवं दुकानदारों को समझाइश देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जाएगी। इसके लिए व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से भी सहयोग लिया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि यदि समझाइश के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो दूसरे चरण में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें अवैध रूप से सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर रखे सामान की जब्ती के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नगर पालिका करवाएगी मुनादी
एसडीओपी लोकेश बंसल ने बताया कि पहले चरण में पुलिस एवं प्रशासन की टीम लोगों के बीच पहुंचकर समझाइश देगी। साथ ही जिन क्षेत्रों में यातायात संबंधी घटनाएं अथवा समस्याएं अधिक सामने आ रही हैं, उनका जायजा लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके बाद आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर की व्यवस्था सुधारना सभी की जिम्मेदारी : प्रदीप नामदेव
नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि नगर की व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। वर्तमान में नगर की यातायात व्यवस्था काफी हद तक बिगड़ती नजर आ रही है। इसमें सुधार लाने के लिए सभी व्यापारी बंधुओं से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित यातायात व्यवस्था से आम लोगों को सुविधा मिलने के साथ ही नगर के व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
व्यापारियों से खुद अतिक्रमण हटाने की अपील : सुनील सोनी
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील सोनी ने बताया कि बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा सहित नगर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि चैंबर की ओर से भी सभी व्यापारियों से व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की जाएगी।
उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, सामान को दुकान की निर्धारित सीमा से अधिक बाहर न निकालें और दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों को भी व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाने में सहयोग करें।
अब देखना होगा कि प्रशासन की समझाइश के बाद व्यापारी स्वयं अतिक्रमण हटाते हैं या फिर दूसरे चरण में जब्ती और सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।




